महंगाई के विरोध में प्रदर्शन: कांग्रेस यूथ विंग ने चूल्हे पर बनाई चाय

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढोतरी के विरोध में यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। जयपुर कलेक्ट्रेट के बाहर चूल्हा जलाकर चाय बनाई और दाम वापस करने की मांग की।


जयपुर।
देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बेहताशा वृद्धि के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस की यूथ विंग ने 
गुलाबी नगरी में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर दाम वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जयपुर कलेक्ट्रेट के बाहर मिट्‌टी के चूल्हे पर रोटी और चाय बनाई और कार्यकर्ताओं को पिलाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़े हुए गैस के दाम को वापस लेने की मांग की।
केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
इससे पहले कार्यकर्ता यूथ कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मिट्‌टी का चूल्हा लाकर उसमें लकड़ी, गोबर के कंडे जलाए। 
इस दौरान प्रदर्शन में मौजूद एक महिला कार्यकर्ता ने मौके पर ही आटा गूंथा और उससे रोटी बनाई। विरोध कर रहे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बताया कि रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी को केन्द्र सरकार ने बंद कर दिया। गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। कोरोनाकाल में लोग वैसे ही बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है।

2 माह में रसोई गैस 125 रुपए बढाए


गौरतलब है कि रसोई गैस पर लगातार दाम बढाए जा रहे है। महज बीते एक माह के अंदर 125 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। इसके विपरित रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी को सरकार ने अघोषित तौर पर पिछले 10 माह से बंद कर रखी है। रसोई गैस में बढ़ोतरी का असर आमजन के रसोई के बजट पर पड़ रहा है। इसी तरह पेट्रोल-डीजल के दामों में भी जबरदस्त बढ़ोतरी की गई। तेल कंपनियों ने इस साल की शुरूआत से अब तक महज दो माह में पेट्रोल की कीमतों में 7.89 रुपए और डीजल में 8.16 रुपए लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। जबकि इस बीच राज्य सरकार की ओर से 2% वेट में कमी भी की थी, बावजूद इसके आमजन को इससे राहत नहीं मिल पा रही।